

Seraikela. सरायकेला थाना के चंद्रपुर में जमीन कारोबारी सह होटल संचालक जावेद अख्तर की गुरुवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गयी. अपराधियों ने उसके घर में घुसकर गोली मारी और फरार हो गये. घायलावस्था में जावेद को टीएमएच ले जाया गया, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, जावेद चंद्रपुर में होटल चलाता था. रात एक बजे होटल बंदकर वह अपने घर जाने के लिए निकला. उसका पीछा करते हुए हत्यारे उसके घर तक पहुंच गये. जैसे ही वह घर का दरवाजा बंद करने लगा. हत्यारों ने उसके घर में घुसकर गोली मार दी. हत्या करने के बाद अपराधी फरार हो गये. घटना के बाद जावेद वहीं गिर गया. आनन-फानन में परिजन उसे टीएमएच (जमशदेपुर) ले गये. यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों की मानें, तो हत्यारे कई दिनों से जावेद की रेकी कर रहे थे. गुरुवार रात में जैसे ही उसे मौका मिला हत्यारों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस जावेद के मोबाइल डिटेल खंगाल रही है. घटना के संबंध में थाना प्रभारी सतीश वर्णवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया में मामला प्रेम-प्रसंग का लग रहा है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मृतक के भाई ने थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.



