
सरायकेला-खरसावां। जिले में संचालित आंगनबाड़ी सेवाओं और समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने की। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
नियमित निरीक्षण और रिपोर्टिंग के निर्देश
उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं (LS) को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, पूरक पोषाहार, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं शिक्षा गतिविधियों का निरीक्षण कर उसी दिन विस्तृत प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी आंकड़ों को विभागीय पोर्टल पर समय पर अपडेट करने को कहा गया।
कुपोषण रोकने पर विशेष जोर
बैठक में कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की नियमित पहचान सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (MTC) में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
VHSND और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से वीएचएसएनडी (VHSND) आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, वजन मापन एवं अन्य आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
ECCE गतिविधियों को प्रभावी बनाने का निर्देश
बैठक में बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने, ECCE गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा अनुकूल शिक्षण वातावरण विकसित करने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने सभी केंद्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
स्थायी भवन निर्माण और मरम्मत पर फोकस
निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया। साथ ही जर्जर एवं मरम्मत योग्य केंद्रों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।
योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर जोर
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और भुगतान प्रक्रियाओं में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
डिजिटल सत्यापन और आईडी निर्माण की समीक्षा
बैठक में एफआरएस (FRS) आधारित डिजिटल सत्यापन, अपार आईडी (APAAR ID) और आभा आईडी (ABHA ID) निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पात्र बच्चों और लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा समेत समाज कल्याण विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
