SERAIKELA NEWS: सरायकेला-खरसावां जिले के समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार (8 मई 2026) को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया गया । इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे । उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए क्रमवार सभी नागरिकों की समस्याओं को सुना और कई मामलों का मौके पर ही (ऑन-द-स्पॉट) निष्पादन कर दिया ।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें सामने आईं । इनमें प्रमुख रूप से ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ का लाभ लाभुकों को न मिलने का मुद्दा छाया रहा । इसके अलावा, खरसावां अंचल में पंजी-2 की ऑनलाइन प्रविष्टि दर्ज नहीं होने और हाउसिंग बोर्ड द्वारा लीज पर दी गई भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने जैसी शिकायतें भी उपायुक्त के संज्ञान में लाई गईं ।
जनता दरबार में लोगों ने राइट टू एजुकेशन (RTE) के तहत सरायकेला स्थित निजी विद्यालय (सरस्वती शिशु विद्या मंदिर) में बच्ची का नामांकन कराने की गुहार लगाई । पेयजल की समस्या को लेकर सीतारामपुर 30 MLD वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े उपभोक्ताओं ने 15 दिनों के भीतर नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराने और नियमित जलापूर्ति की मांग रखी ।
सरायकेला की पहचान माने जाने वाले ‘छऊ कला केंद्र’ के संचालन, प्रशिक्षण, संसाधनों की कमी, नए पदों के सृजन और भवन की मरम्मत या नए निर्माण को लेकर भी अहम चर्चा हुई । इसके अतिरिक्त, सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत अनुपयोगी और बंद पड़े विद्यालय भवनों का सत्यापन कर उनका सार्वजनिक कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करने और अत्यधिक जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की मांग पर भी उपायुक्त ने गंभीरता दिखाई ।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सौंपते हुए सख्त निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और जांच के बाद समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए । उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और त्वरित कार्रवाई करने का भी स्पष्ट निर्देश दिया ।
