
Seraikella-kharsawan: उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, ईचागढ़ का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, जेएसएलपीएस समेत कई कार्यालयों का जायजा लिया तथा कार्यालय संचालन, उपस्थिति पंजी, अभिलेखों और पंजीयों के संधारण की जांच की।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं और आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए।
उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सर्वेक्षण एवं जनगणना कार्यों में लगे कर्मियों को पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा गया। वहीं कार्यालयों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा उपायुक्त ने प्रखंड परिसर स्थित निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान, समयबद्ध सेवा प्रदायगी और योजनाओं की जमीनी प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के विकास एवं जनकल्याणकारी लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा एवं अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
