Lahar Chakra

Seraikella-Kharsawan: उपायुक्त के निर्देश पर आदित्यपुर व गम्हरिया के बार-रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण, नियमों के पालन के निर्देश

 

Seraikella-Kharsawan: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंटों का उत्पाद विभाग की टीम द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में लाइसेंस, अभिलेख, सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को शासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को बार परिसर में प्रवेश या मदिरा परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही डीजे, लाइव म्यूजिक या किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति मिलने के बाद ही किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रावधानों का पालन करने, उच्च गुणवत्ता वाले आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे स्थापित एवं चालू रखने, फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने तथा परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जांच एवं पहचान सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रतिष्ठानों का संचालन लाइसेंस की शर्तों एवं निर्धारित क्षमता के अनुरूप करने को कहा गया।

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को लाइसेंस की शर्तों एवं शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान एवं संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से आगे भी नियमित रूप से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version