
Seraikella-Kharsawan: दावना डैम से बरामद 21 वर्षीय घनु मार्डी की मौत का मामला अब नया मोड़ लेता जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव पर संदेह जताते हुए परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में परिजन शव को लेकर शनिवार को सदर अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई।
मृतक की मां सिद्धांता मार्डी समेत अन्य परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के बाद शव पर सामान्य रूप से दिखाई देने वाले चीरे और टांकों के निशान नहीं मिले। इससे उन्हें पूरी प्रक्रिया पर संदेह हुआ। उनका कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही खुलासा दोबारा वैज्ञानिक तरीके से पोस्टमार्टम होने के बाद ही हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पुनः पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिविल सर्जन ने बताया कि इसके लिए नई मेडिकल टीम गठित की जा रही है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
वहीं, पहले पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. रणदीप मेलगांडी ने कहा कि उस समय एक महिला सहिया द्वारा शव जल्द परिजनों को सौंपने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करनी पड़ी।
इधर, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें दोबारा होने वाले पोस्टमार्टम और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
