Site icon Lahar Chakra

Share Bazar Closing: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 170 अंक टूटा, रुपया और हुआ मजबूत

Mumbai.स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन भी गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 170 अंक टूट गया। बाजार में कारोबार के दौरान तेजी थी लेकिन अंतिम घंटे में वित्तीय कंपनियों और धातु शेयरों में बिकवाली से यह गिरावट के साथ बंद हुआ. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 170.22 अंक यानी 0.20 प्रतिशत टूटकर 83,239.47 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 440.4 अंक तक चढ़ गया था.

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 48.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,405.30 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं.

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में मारुति, इन्फोसिस, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) और हिंदुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं. छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.47 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मझोली कंपनियों से जुड़े बीएसई मिडकैप में 0.06 प्रतिशत की गिरावट आई.

रुपया 31 पैसे चढ़कर 85.31 प्रति डॉलर पर

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया शुरुआती नुकसान से उबर गया और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे की बढ़त के साथ 85.31 (अस्थायी) पर बंद हुआ. घरेलू मुद्रा में मजबूती विदेशों में प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर रहने और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल घटने की वजह से आई.

Exit mobile version