
Mumbai. शेयर बाजार में शानदार तेजी के रुख के बीच बीते सप्ताह शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में आठ का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 4.55 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे अधिक लाभ में रही। बीते सप्ताह बीएसई का सेंसेक्स सूचकांक 2,857.46 अंक यानी 3.53 प्रतिशत उछल गया।
शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाभ में रहीं। दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इंफोसिस के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई। टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 88,172.8 करोड़ रुपये घटकर 10,64,242.35 करोड़ रुपये रह गया। इंफोसिस का मूल्यांकन 63,462.66 करोड़ रुपये घटकर 6,26,067.95 करोड़ रुपये पर आ गया।
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज शीर्ष पर बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।
