
Mumbai. वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुझानों के बीच घरेलू शेयर बाजारों ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की। हालांकि बाद में इनमें अस्थिरता देखने को मिली क्योंकि निवेशकों ने उच्च स्तर पर मुनाफावसूली की। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 213.42 अंक या 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,487.34 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 74.25 अंक की बढ़त के साथ 26,009.40 अंक पर पहुंच गया। रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.62 पर आ गया। भू-राजनीतिक तनाव और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग के कारण निवेशकों की भावनाएं प्रभावित हुई।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सन फार्मास्युटिकल्स, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में रहे। वहीं एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में गिरावट रही।
