
Mumbai. ईरान और इजराइल के बीच युद्ध विराम के बाद पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेतों के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गयी. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 426.79 अंक चढ़कर 82,481.90 अंक पर पहुंच गया. एनएसई निफ्टी 123.25 अंक की बढ़त के साथ 25,167.60 अंक पर रहा. सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाइटन, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे. कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे.
इधर, रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे की बढ़त के साथ 85.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया. विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और विदेशी पूंजी की निकासी ने हालांकि स्थानीय मुद्रा के लाभ को सीमित कर दिया. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 5,266.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,209.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे.
