
Mumbai.सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई. अमेरिका के एक नवंबर से चीन की वस्तुओं पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा के बाद वैश्विक बाजारों में गिरावट आई है. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 451.82 अंक फिसलकर 82,049 अंक पर और एनएसई निफ्टी 109.55 अंक टूटकर 25,175.80 अंक पर आ गया.
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, इन्फोसिस, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे. एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, मारुति और इटर्नल के शेयर लाभ में रहे. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 459.20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
