
Mumbai. घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अनुरोध पर ईरान के खिलाफ नए हमले रोकने की घोषणा करने और तेहरान के साथ जारी बातचीत में एक स्वीकार्य समझौते की संभावना नजर आने से निवेशकों की धारणा को थोड़ा बल मिला है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 366.71 अंक चढ़कर 75,706.88 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 107.45 अंक की बढ़त के साथ 23,760 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, ट्रेंट और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर लाभ में रहे। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन और इटर्नल के शेयर में गिरावट देखी गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 गिरावट में जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। सेंसेक्स सोमवार को 77.05 अंक और निफ्टी 6.45 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था।
