
Mumbai. स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सीमित कारोबार में बीएसई सेंसेक्स मामूली 64 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 16 अंक का लाभ रहा.
वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख और शुल्क को लेकर अनिश्चितताओं के बीच निवेशक बाजार से दूर रहे. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 63.57 अंक यानी 0.08 प्रतिशत बढ़कर 82,634.48 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, यह ऊंचे में 82,784.75 अंक तक गया और नीचे में 82,342.94 अंक तक आया. पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 16.25 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 25,212.05 अंक पर बंद हुआ.
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं. दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), सन फार्मा, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं.
टेक महिंद्रा का वित्तीय परिणाम जारी होने से पहले उसका शेयर 1.94 प्रतिशत चढ़ा. कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में सालाना आधार पर 30 प्रतिशत बढ़कर 1,128.8 करोड़ रुपये रहा है. इन्फोसिस में 1.5 प्रतिशत की तेजी आई, जिससे प्रमुख सूचकांक लाभ में रहे. छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.28 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.10 प्रतिशत के लाभ में रहा.शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) ने मंगलवार को 120.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
