
New Delhi. टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के मौजूदा कार्यकाल के 20 फरवरी, 2027 को समाप्त होने के बाद दोबारा नियुक्ति की पेशकश नहीं करने के फैसले के बाद टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों में बुधवार को गिरावट रही। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर करीब चार प्रतिशत टूट गया। बीएसई पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में 3.71 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में 2.44 प्रतिशत, टाटा एलेक्सी में 2.23 प्रतिशत, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स में 1.92 प्रतिशत और टाटा स्टील में 1.57 प्रतिशत की गिरावट आई।
रैलिस इंडिया का शेयर 0.95 प्रतिशत, ट्रेंट 0.86 प्रतिशत, टाटा पावर 0.53 प्रतिशत, इंडियन होटल्स कंपनी 0.52 प्रतिशत और टाटा कम्युनिकेशंस 0.37 प्रतिशत टूटा। टाइटन के शेयर में 0.18 प्रतिशत की गिरावट रही।
इन कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 45,615.67 करोड़ रुपये घट गया। इसमें केवल टीसीएस के बाजार मूल्यांकन में 32,743.69 करोड़ रुपये की कमी आई।एन. चंद्रशेखरन फरवरी, 2027 में मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद टाटा संस के चेयरमैन पद से हट जाएंगे।
इसके साथ ही टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के साथ पुनर्नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध के बाद भारत के सबसे प्रभावशाली कारोबारी समूहों में से एक के शीर्ष पर उनका करीब एक दशक का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
