
Jamshedpur: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) द्वारा आज चैंबर भवन, बिष्टुपुर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर मिस झारखंड 2026 सुश्री श्रेया अग्रवाल को सम्मानित किया गया.
उन्हें सम्मानित किये जाने के दौरान चैंबर के कार्यकारिणी सदस्य उनके पिता रमेश अग्रवाल, माँ शीतल अग्रवाल, दादी सुमित्रा देवी एवं भाई सक्षम अग्रवाल भी मौजूद थे.
इस अवसर पर चैंबर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सुश्री श्रेया अग्रवाल को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वक्ताओं ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे शहर और चैंबर का नाम गौरवान्वित हुआ है.
कार्यक्रम में अध्यक्ष मानव केडिया ने सदस्यों को संबोधित करते हुये कहा कि यह हम सबों के साथ ही जमशेदपुर एवं झारखण्ड वासियों के लिये भी गौरवान्वित करने वाला पल है कि जमशेदपुर की बेटी श्रेया अग्रवाल ने यह उपाधि हासिल किया है और चैम्बर के लिये लिये भी हर्ष का विषय है कि यह प्रथम बार है चैम्बर कार्यकारिणी सदस्य की बेटी मिस झारखण्ड बनी है. इससे जमशेदपुर की अन्य बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे ऐसे मुकाम हासिल करे और अपने माता पिता के साथ ही जमशेदपुर वासियों का मान-सम्मान बढ़ाये.
कार्यक्रम के दौरान सुश्री श्रेया अग्रवाल को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. उन्होंने भी इस सम्मान के लिए चैंबर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रोत्साहन उन्हें आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा.
इस अवसर पर श्रेया अग्रवाल ने बताया कि वे मिस झारखण्ड होने के पश्चात् भुवनेश्वर उड़ीसा में आयोजित फेमिना मिस इंडिया कान्टेस्ट में भी भाग ले चुकी है तथा दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की अपनी पढ़ाई भी पूरी कर रही है और उनका फोकस एमबीए पूरी करने पर है. उन्होंने कहा कि वह आगे राष्ट्रीय एवं अंर्राष्ट्रीय लेवल की ब्यूटी कान्टेस्ट में हिस्सा लेती रहेगी और अगर एक्टिंग के क्षेत्र में उन्हें मौका मिलता है तो वे जरूर करेंगी.
इस दौरान चैम्बर ने मांग की कि इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर राज्य के मुख्यमंत्री माननीय हेमन्त सोरेन के हाथों उन्हें सम्मानित किया जाय.
कार्यक्रम के दौरान चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगासिया, भरत मकानी, विनोद शर्मा, पीयूष गोयल, विष्णु गोयल, सुमन नागेलिया के अलावा बड़ी संख्या में चैम्बर के सदस्यगण उपस्थित थे.
