Site icon Lahar Chakra

Indain Railways:जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांग रहे 6 सपेरे पकड़े गए

हाजीपुर,। जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने छह सपेरों को पकड़ा। सभी को दिघवारा स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है।

पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल के तहत 2 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस में यह कार्रवाई की गई। रेल मदद पर मिली सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए रेसुब सोनपुर आउट पोस्ट दिघवारा के उप निरीक्षक शमशेर कुमार और सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ट्रेन की निगरानी कर रहे थे।

छपरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद साधारण कोचों की जांच के दौरान छह लोगों को यात्रियों को सांप दिखाकर पैसे मांगते हुए पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन के सोनपुर मंडल में अगले ठहराव दिघवारा स्टेशन पर सभी छह लोगों को ट्रेन से उतार लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बताया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों, जिनमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, का निवासी होने की जानकारी दी। रेलवे द्वारा उनके नाम-पते का सत्यापन कराया जा रहा है।

रेलवे ने मामले में वन विभाग से भी समन्वय स्थापित किया है। संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगना गैरकानूनी गतिविधि है। ऐसी घटना सामने आने पर यात्री तत्काल रेल मदद या संबंधित रेलवे सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version