Site icon Lahar Chakra

जामताड़ा के छह श्रमिक तमिलनाडु से सकुशल बरामद, चार अपहरणकर्ता गिरफ्तार

Jamtara : जामताड़ा जिले के छह श्रमिकों के अपहरण मामले में झारखंड और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत सभी मजदूरों को सकुशल बरामद कर लिया गया है. इस मामले में चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है. इस बात की जानकारी पुलिस मुख्यालय ने प्रेस रिलीज जारी कर मीडिया को दी.

प्रेस रिलीज के अनुसार यह घटना 21 जुलाई 2025 को तब सामने आई, जब झारखंड के डीजीपी को सूचना मिली कि जामताड़ा के छह श्रमिकों को तमिलनाडु में फिरौती के लिए अगवा कर लिया गया है. इस सूचना के बाद झारखंड पुलिस के डीजीपी ने तमिलनाडु पुलिस के डीजीपी से संपर्क किया और संयुक्त अभियान चलाया गया.
करीब 4 बजे संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तमिलनाडु के सेलम जिले के अट्टायमपट्टी थाना क्षेत्र से सभी छह श्रमिकों को सकुशल बरामद कर लिया. बरामद किए गए श्रमिकों में इरफान अंसारी, जहीर अंसारी, अरबाज अंसारी, किस्मत अंसारी, इरशाद अंसारी और उलफत अंसारी शामिल हैं. सभी मजदूर जामताड़ा जिले के अन्तर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

वहीं पुलिस द्वारा चलाए गए इस संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किए गए अपहरणकर्ताओं में सविथवेल, धरूण कुमार (21 वर्ष), नवीन और सारथ शामिल है. इसके साथ ही फरार अपहरणकर्ताओं में वसंथ (27 वर्ष), सुरेंद्र और एक अज्ञात व्यक्ति, जिसकी पहचान की जा रही है के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी है.

झारखंड पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और सभी श्रमिकों को जल्द ही उनके घर वापस लाया जाएगा.

Exit mobile version