
सोनारी एयरपोर्ट के विस्तार के विरोध में सोमवार को सोनारी मौजा के ग्रामीणों और ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनोरिटी फ्रंट के सदस्यों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और विस्तार योजना के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की. बाद में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को ज्ञापन सौंपकर एयरपोर्ट विस्तार पर रोक लगाने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रस्तावित विस्तारीकरण के तहत वर्तमान सड़क को बंद कर नयी सड़क बनाई जानी है, जिससे आम लोगों के आवागमन में दिक्कत होगी. इसके अलावा जिस क्षेत्र में विस्तार कार्य होना है, वहां एक धार्मिक स्थल की चहारदीवारी, खेल मैदान और स्थानीय स्कूलों द्वारा उपयोग किया जाने वाला सांस्कृतिक परिसर स्थित है.
ग्रामीणों का कहना है कि यह मैदान वर्षों से सोनारी क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र रहा है. ग्राम सभाओं ने आरोप लगाया कि टाटा स्टील की स्थापना अनुसूचित क्षेत्र में की गयी है, जो संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है. ऐसे में एयरपोर्ट विस्तार का निर्णय संवैधानिक रूप से भी प्रश्नों के घेरे में है.
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि विस्तार योजना पर रोक नहीं लगाई गयी, तो वे इस मामले को हाईकोर्ट में ले जाकर आदिवासी समुदाय के मौलिक अधिकारों के हनन के खिलाफ याचिका दायर करेंगे.
प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी बबीता कच्छप, प्रवीण कच्छप, उर्वशी मुंडा, अजीत तिर्की , प्रभात बाखला सहित अन्य उपस्थित थे.
