Lahar Chakra

South East Central Railway :अनूपपुर यार्ड में बीके–61 फाटक में बन रहे रोड ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के प्रगति में महत्वपूर्ण उपलब्धि

BILASPUR

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनूपपुर यार्ड में स्थित समपार संख्या बीके–61 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (ROB) के कार्य में एक महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। इस क्रम में 54 मीटर लंबी आधुनिक बो–स्ट्रिंग गर्डर की लांचिंग से पूर्व 02 रोलिंग बीम का स्थापना कार्य किया जा रहा है।
यह रोड ओवर ब्रिज बहु-रेल लाइनों के ऊपर से सड़क यातायात को सुरक्षित रूप से ले जाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। रेल परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बो–स्ट्रिंग गर्डर की स्थापना अंडर-लांचिंग विधि से की जा रही है, जिससे रेल यातायात को लंबे समय तक बाधित किए बिना निर्माण कार्य संभव हो सके।
रोलिंग बीम की स्थापना के उपरांत, उच्च क्षमता वाली विंच मशीन की सहायता से बो–स्ट्रिंग गर्डर को नियंत्रित एवं चरणबद्ध तरीके से अपने निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा। यह विशेष तकनीक सक्रिय रेल पटरियों के ऊपर कार्य करते समय संरचनात्मक सुरक्षा, स्थिरता एवं सटीकता सुनिश्चित करती है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री राजमल खोईवाल के मार्गदर्शन में यह संपूर्ण कार्य रेलवे के अनुभवी अभियंताओं की कड़ी निगरानी में, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए तथा सुव्यवस्थित ट्रैफिक ब्लॉकों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्नत निर्माण तकनीकों के उपयोग से रेलवे द्वारा बीके–61 रोड ओवर ब्रिज परियोजना को सुरक्षित, सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा |
यह परियोजना पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्रीय सड़क यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ रेल एवं सड़क दोनों की संरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।

Exit mobile version