Site icon Lahar Chakra

Share Bazar: सेंसेक्स की Top 10 कंपनियों में 5 का Market Cap 1.54 लाख करोड़ बढ़ा, Tata Group की इस कंपनी को सबसे अधिक लाभ

New Delhi.सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 1.54 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को सबसे ज्यादा लाभ हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स में 582.06 अंक या 0.75 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी 127.4 अंक या 0.52 प्रतिशत के लाभ में रहा।

पिछले सप्ताह रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और बजाज फाइनेंस के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई। वहीं एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), लार्सन एंड टुब्रो और हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत घट गई।

समीक्षाधीन सप्ताह में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का बाजार पूंजीकरण सबसे अधिक 72,072.3 करोड़ रुपये बढ़कर 8,20,672.70 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने जून तिमाही में शुद्ध लाभ में 4.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 29,062.06 करोड़ रुपये बढ़कर 10,34,441.77 करोड़ रुपये हो गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 23,884.93 करोड़ रुपये बढ़कर 17,95,091.26 करोड़ रुपये रहा।
बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 21,946.5 करोड़ रुपये बढ़कर 6,57,274.28 रुपये, जबकि भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 7,338.34 करोड़ के उछाल के साथ 9,63,768.78 करोड़ रुपये रहा।

इस रुख के उलट लार्सन एंड टुब्रो का बाजार मूल्यांकन 18,097.72 करोड़ रुपये घटकर 5,24,840.68 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बाजार पूंजीकरण 12,080.75 करोड़ रुपये घटकर 5,48,124.30 करोड़ रुपये पर आ गया।
भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 7,706.45 करोड़ रुपये घटकर 11,91,067.77 करोड़ रुपये रह गई। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 7,084.61 करोड़ रुपये घट गया और यह 12,62,369.81 करोड़ रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में 1,221.79 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई और यह 5,03,775.86 करोड़ रुपये पर आ गया।

Exit mobile version