Mumbai. प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में बिकवाली और निवेशकों की मुनाफावसूली के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 93.95 अंक फिसलकर 80,919.19 अंक पर और एनएसई निफ्टी 30 अंक टूटकर 24,968.80 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एचसीएल टेक, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में तेजी दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.16 प्रतिशत फिसलकर 98.16 डॉलर प्रति बैरल रहा। इससे पहले, सात दिन की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली के बीच रविवार को दिवाली के विशेष मुहूर्त कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।
हिंदू कैलेंडर संवत 2083 की शुरुआत के मौके पर विशेष कारोबारी सत्र की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी, लेकिन बीएसई सेंसेक्स इस बढ़त को बरकरार नहीं रख सका। सेंसेक्स 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत फिसलकर 80,999.40 अंक पर बंद हुआ था।

निफ्टी भी सकारात्मक शुरुआत के बाद 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,986.40 अंक पर बंद हुआ था। मुहूर्त कारोबार दिवाली पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक शेयर बाजार सत्र है, जो हिंदू कैलेंडर के नए साल की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसी मान्यता है कि ‘मुहूर्त’ यानी शुभ समय में कारोबार करने से संबंधित पक्षों को समृद्धि और वित्तीय वृद्धि मिलती है। सामान्य कारोबारी दिनों में शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुले रहते हैं, जबकि मुहूर्त कारोबार कम अवधि के लिए होता है।

