
Mumbai. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के बीच सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 566 अंक चढ़कर 76,608.66 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 153.60 अंक की बढ़त के साथ 23,923.30 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख बढ़त वाले रहे। वहीं भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग चार प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 331.62 अंक की गिरावट के साथ 76,059.77 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई निफ्टी 102.15 अंक की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक पर रहा था।
