
Mumbai. भारतीय शेयर बाजार में आज हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन मजबूती के साथ शुरुआत देखने को मिली है। वैश्विक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी के दम पर बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों सूचकांक हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 70.51 अंक यानी 0.09 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 77,998.66 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 भी 44.30 अंक या 0.18 फीसदी चढ़कर 24,361.45 पर ओपन हुआ।
बाजार में सपाट रुख के बीच ऑटोमोबाइल, फाइनेंस और मेटल सेक्टर्स के शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की जा रही है। निफ्टी 50 के हीटमैप पर बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयर टॉप गेनर्स में शामिल हैं।दूसरी तरफ, टेक और आईटी कंपनियों के शेयरों में जोरदार बिकवाली देखी जा रही है। एनएसई पर निफ्टी आईटी अकेला ऐसा सेक्टोरल इंडेक्स रहा, जो 2.26 फीसदी टूटकर लाल निशान में कारोबार कर रहा है।
