
Ranchi : एक महिला के अलमारी से सोने के गहने चोरी करने और उसे जान-पहचान के लड़कों को बेचने के मामले में पुलिस ने तीन लड़कों को गिरफ्तार किया है. राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में हुए इस वारदात के महज 12 घंटे के भीतर तीन संदेही गुनहगारो को पुलिस ने दबोच लिया. इनके नाम बी. वेनिशन जेवियर, पियुष शर्मा और कुनाल कुमार सोनी बताये गये. उनके पास से 18.83 ग्राम सोना, ₹62,500 कैश और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी अजीत कुमार ने मीडिया के सामने किया.
सिटी SP ने मीडिया को बताया कि करीब 42 साल की शालिनी विजेता टोप्पो ने 31 जुलाई को लोअर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने अपने बेटे बी वेनिशन जेवियर पर घर की अलमारी से गहने चुराने और उन्हें अपने जान-पहचान के लड़कों को बेचने का आरोप लगाया था. शिकायत के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. SIT ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और तीनों संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार कर लिया. SP ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. मामले की जांच जारी है. इन लोगों को गिरफ्तार करने में लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा, एसआई सुधीर बाड़ा, दीपक किशोर तिवारी, एएसआई श्यामजी शर्मा और सत्यनारायण कुमार की भूमिका सराहनीय रही.
