Lahar Chakra

Student Protest: भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन 22वें दिन जारी, रांची में निकाली ‘तिरंगा यात्रा

Ranchi. झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को यहां ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली। राज्य की भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर जारी आंदोलन के 22वें दिन विरोध स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली गई।हाथों में तिरंगा थामे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाते हुए हजारों अभ्यर्थी व अन्य लोग इस यात्रा में शामिल हुए।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें मार्च में शामिल होने के लिए सदर अस्पताल से बाहर नहीं जाने दिया। महतो 14 दिन से भूख हड़ताल पर हैं।
अस्पताल से बाहर आने की कोशिश के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ उनकी हाथापाई के वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए हैं। जेपीएससी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) रिफॉर्म मंच के बैनर तले प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता, कई परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की एक समिति से स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता का अर्थ केवल अंग्रेजों से आजादी नहीं है, बल्कि अवसरों की असमानता, भ्रष्टाचार और अन्याय से भी आजादी है। देश के युवाओं को पढ़ना चाहिए, कड़ी मेहनत करनी चाहिए और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए – यही लोकतंत्र की असली ताकत है।’’

मंच ने कहा, उन सभी युवाओं को इस स्वतंत्रता दिवस पर सलाम जो अपने भविष्य के लिए शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहे हैं। युवाओं की आवाज भारत का भविष्य है। जय हिंद!’’

Exit mobile version