
Bhuvaneshvar. ओडिशा के कलिंगा स्टेडियम में शनिवार को होने वाले फाइनल में एफसी गोवा से जीत दर्ज कर जमशेदपुर एफसी की कोशिश अपनी पहली ट्रॉफी जीतने की होगी. फाइनल की विजेता टीम 2025-26 एएफसी चैंपियंस लीग 2 के शुरूआती दौर के लिए भी क्वालीफिकेशन हासिल करेगी. कलिंगा स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में दोनों टीमों के लिए यही चीज प्रेरणादायी होगी. पूर्व चैंपियन एफसी गोवा ने 2019 में खिताब जीता था और वह अब दोबारा ट्रॉफी जीतकर महाद्वीपीय फुटबॉल में चार साल की अनुपस्थिति को खत्म करना चाहता है.
एशिया में एफसी गोवा पहली बार 2021 एएफसी चैंपियंस लीग ग्रुप चरण में पहुंचा था. वहीं दूसरी ओर जमशेदपुर एफसी ने अपने आठ साल के इतिहास में पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में उपस्थिति दर्ज की है. इससे पहले वह दो बार सुपर कप के सेमीफाइनल चरण में हार गया था. 2023 में प्लेऑफ में हार के बाद एएफसी क्वालीफिकेशन से चूकने के बाद जमशेदपुर एफसी के पास महाद्वीपीय मंच पर जगह पक्की करने का एक और मौका है. एफसी गोवा चार साल पहले चैंपियंस लीग में खेल चुका है. जमशेदपुर कभी नहीं खेला है. लेकिन दोनों टीमें इस प्रतियोगिता में जगह बनाना चाहेंगी. दोनों टीमों के बीच सुपर कप में यह चौथी भिड़ंत होगी. दोनों के बीच पिछले मुकाबलों में कुल मिलाकर 21 गोल हुए हैं.
