
जमशेदपुर। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में पवित्र श्रावण मास की तृतीय सोमवारी पर आयोजित होने वाली भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सूर्य मंदिर समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यात्रा को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में तृतीय सोमवारी के सामूहिक जलाभिषेक यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जलाभिषेक, गंगाजल व्यवस्था, गंगा महाआरती, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं चिकित्सा, यातायात, स्वयंसेवकों की तैनाती, महाप्रसाद वितरण, आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति एवं भक्तिमय गीत-संगीत के आयोजन समेत सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही, आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था के लिए समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को सुबह 7 बजे सभी शिवभक्त बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे। वहां से श्रद्धालु जलपात्र में सुल्तानगंज के पवित्र गंगाजल को लेकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां शिवालय में विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का श्रद्धापूर्वक वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन को भक्तिमय वातावरण प्रदान करने के लिए सूर्यधाम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
बैठक में अमरजीत सिंह राजा, कमलेश सिंह, सुशांत पांडा, शैलेश गुप्ता, रूबी झा, कुलवंत सिंह बंटी, कंचन दत्ता, प्रेम झा, राकेश सिंह, टुनटुन सिंह, कुमार अभिषेक, युवराज सिंह, विकास शर्मा, बापन बनर्जी, रॉकी सिंह, मीरा झा, सतीश सिंह, धनराज गुप्ता, कौस्तव राय, सौरव श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।
