Site icon Lahar Chakra

स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे घोषित, इंदौर लगातार 8वीं बार पहले पायदान पर, जमशेदपुर को देश में तीसरा स्थान, झारखंड में पहला स्थान, राष्ट्रपति ने किया पुरस्कृत

Jamshedpur. केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर लगातार आठवीं बार सबसे स्वच्छ शहरों में शीर्ष स्थान पर रहा जबकि सूरत और नवी मुंबई क्रमश: दूसरे और तीसरे पायदान पर रहे. स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजे बृहस्पतिवार को घोषित किए गए. तीन से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा पहले स्थान पर, चंडीगढ़ दूसरे स्थान पर और मैसूर तीसरे स्थान पर रहा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल इस कार्यक्रम में शामिल हुए. 3-10 लाख की आबादी में जमशेदपुर स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में तीसरा, झारखंड राज्य में पहले स्थान पर रहा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 का पुरस्कार प्रदान किया.

जमशेदपुर को 5 स्टार रेटिंग भी मिली
इस मौके पर माननीय राष्ट्रपति के हाथों प्रधान सचिव-नगर विकास एवं आवास विभाग श्री सुनील कुमार, निदेशक- सुडा सूरज कुमार एवं अपर नगर आयुक्त- जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया. जमशेदपुर शहर को स्वच्छता में तीसरे स्थान का गौरव के साथ-साथ 5 स्टार रेटिंग भी मिली है. गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के पुरस्कार हेतु झारखंड से जमशेदपुर को नामित किया गया था. आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया.

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी बोले-यह गौरव का क्षण है
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है, जहां राष्ट्र स्तर पर जमशेदपुर को स्वच्छता के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया. यह सम्मान शहरवासियों की जागरूकता, निगम कर्मियों की निरंतर मेहनत और प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम है. हम सभी को इसी तरह मिलकर स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कृति बनाना होगा.

Exit mobile version