Site icon Lahar Chakra

Tarrif On Steel: इस्पात और एल्युमिनियम पर आयात पर शुल्क दोगुना कर 50 प्रतिशत करेगा अमेरिका, ट्रंप ने की घोषणा

Washington. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पेन्सिल्वेनिया के इस्पात कर्मियों से कहा कि वह उनके उद्योग की रक्षा के लिए इस्पात आयात पर शुल्क को दोगुना करके 50 प्रतिशत कर रहे हैं. यह एक नाटकीय वृद्धि है, जो आवास, वाहन और अन्य सामान बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली धातु की कीमतों को और बढ़ा सकती है. बाद में सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि एल्युमीनियम शुल्क को भी दोगुना करके 50 प्रतिशत किया जाएगा, और दोनों शुल्क बढ़ोतरी बुधवार से लागू होंगी. ट्रंप ने उपनगरीय पिट्सबर्ग में यूएस स्टील के मोन वैली वर्क्स-इरविन संयंत्र में बात की, जहां उन्होंने एक विस्तृत सौदे पर भी चर्चा की जिसके तहत जापान की निप्पॉन स्टील प्रतिष्ठित अमेरिकी स्टील विनिर्माता में निवेश करेगी.
हालांकि, ट्रंप ने शुरू में पिट्सबर्ग स्थित यूएस स्टील को खरीदने के लिए जापानी स्टील विनिर्माता की बोली को रोकने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह अपना रुख बदल दिया और निप्पॉन द्वारा ‘आंशिक स्वामित्व’ के लिए एक समझौते की घोषणा की. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उनके प्रशासन द्वारा मध्यस्थता में किया गया सौदा अंतिम रूप ले चुका है या नहीं, या स्वामित्व किस तरह का होगा. यूएस स्टील के एक गोदाम में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए ट्रंप ने कहा, हम आज यहां एक ब्लॉकबस्टर समझौते का जश्न मनाने के लिए आए हैं, जो यह सुनिश्चित करेगा कि यह प्रतिष्ठित अमेरिकी कंपनी एक अमेरिकी कंपनी बनी रहे. उन्होंने कहा,आप एक अमेरिकी कंपनी बने रहेंगे, आप यह जानते हैं, है न? शुल्क के बारे में, ट्रंप ने कहा कि आयातित इस्पात पर शुल्क दोगुना करने से ‘अमेरिका में इस्पात उद्योग और भी सुरक्षित हो जाएगा. लेकिन इतनी नाटकीय वृद्धि कीमतों को और भी अधिक बढ़ा सकती है.
सरकार के उत्पादक मूल्य सूचकांक के अनुसार, जनवरी के मध्य में ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से इस्पात की कीमतों में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. अमेरिकी वाणिज्य विभाग के अनुसार, मार्च 2025 तक, अमेरिका में इस्पात की कीमत 984 डॉलर प्रति टन होगी, जो यूरोप (690 डॉलर) या चीन (392 डॉलर) की कीमत से काफी अधिक है. अमेरिका ने पिछले वर्ष आयात की तुलना में लगभग तीन गुना इस्पात का उत्पादन किया. आयात मुख्य रूप से कनाडा, ब्राजील, मैक्सिको और दक्षिण कोरिया से किया गया.
Exit mobile version