Site icon Lahar Chakra

Tata Motors: वाहनों में इस्तेमाल हो चुके पुराने इंजन आयल के प्रबंधन के लिए टाटा मोटर्स, एचपीसीएल ने शुरू की पायलट परियोजना

Mumbai. हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने मंगलवार को कहा कि उसने वाणिज्यिक वाहन निर्माता टाटा मोटर्स लिमिटेड के साथ मिलकर इस्तेमाल हो चुके वाहन लुब्रिकेंट (इंजन तेल) के प्रबंधन के क्षेत्र में एक पायलट परियोजना शुरू की है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एचपीसीएल ने बयान में कहा कि इस पहल का उद्देश्य इस्तेमाल किए गए लुब्रिकेंट के संग्रह, भंडारण से लेकर पुनर्चक्रण तक एक संगठित और पूरी तरह निगरानी योग्य प्रणाली विकसित करना है। इन अपशिष्ट लुब्रिकेंट को खतरनाक कचरे की श्रेणी में रखा जाता है।

एचपीसीएल ने कहा कि वह अधिकृत संग्रह तंत्र के जरिये इस्तेमाल किए गए लुब्रिकेंट के एकत्रीकरण और परिवहन की जिम्मेदारी निभाएगी, ताकि इन्हें पंजीकृत पुनर्चक्रण इकाइयों तक पहुंचाया जा सके। दूसरी तरफ, टाटा मोटर्स अपनी अधिकृत सेवा नेटवर्क प्रणाली का उपयोग करते हुए अपनी पारिस्थितिकी में इस तरह के अपशिष्ट के संग्रह और सुरक्षित निपटान को बढ़ावा देगी।

बयान के मुताबिक, यह पायलट परियोजना चुनिंदा राज्यों में लागू की जाएगी और इसकी निगरानी दोनों कंपनियों की एक संयुक्त समिति करेगी।

Exit mobile version