Site icon Lahar Chakra

Tata motors: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने पेश की नई ब्रांड पहचान ‘टाटा.कार्स’

Mumbai. घरेलू वाहन कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) ने बृहस्पतिवार को अपने यात्री वाहन कारोबार के लिए नई ब्रांड पहचान ‘टाटा.कार्स’ पेश की। टाटा समूह की कंपनी ने कहा कि इस ब्रांड के तहत उसके हैचबैक, सेडान, प्रीमियम एसयूवी और इलेक्ट्रिक वाहनों सहित यात्री वाहन पोर्टफोलियो को एक साझा पहचान दी जाएगी।

टीएमपीवी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्रा ने कहा, भारत की पहली स्वदेशी कार से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन खंड की अगुवाई करने और सुरक्षा को आम बनाने तक, हमने लगातार सीमाओं को चुनौती दी है और लाखों ग्राहकों के लिए संभावनाओं का विस्तार किया है। वैसे, हमारी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षाएं अभी आगे हैं। आज हम ‘टाटा.कार्स’ पेश कर रहे हैं।’’ कंपनी ने कहा कि ‘कुछ भी बहुत दूर नहीं’ उसका नया ब्रांड वादा होगा।

नई ब्रांड पहचान डिजिटल माध्यमों, खुदरा प्रतिष्ठानों, सेवा केंद्रों और अन्य ग्राहक-सामना करने वाले मंचों पर इस्तेमाल की जाएगी। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड उसकी कानूनी इकाई बनी रहेगी और वैधानिक, नियामकीय तथा निवेशक संबंधी संचार में इसी नाम का इस्तेमाल जारी रहेगा।

Exit mobile version