New Delhi. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को घरेलू बाजार में अपनी हिस्सेदारी ‘जल्द’ 15 प्रतिशत के पार पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030-31 तक 20 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने के अपने पहले से घोषित लक्ष्य को भी बरकरार रखा है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्रा ने कहा कि यात्री वाहन कारोबार पिछले साल एक अक्टूबर से एकल इकाई के रूप में कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस एक साल की अवधि में यात्री वाहन कारोबार करीब 40 प्रतिशत बढ़ा है। सितंबर के अंत तक कंपनी की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहन की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद है।
चंद्रा ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य दोहरे अंक में वृद्धि हासिल करने के साथ-साथ टिकाऊ और शून्य-उत्सर्जन वाले पावरट्रेन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाना है। इसके लिए कंपनी नए वाहन खंड में प्रवेश करने, मौजूदा उत्पादों में तेजी से बदलाव करने और ग्राहकों के लिए नए विकल्प पेश करने पर जोर देगी।
