


Jamshedpur.टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन को पूरे देश में एक मजबूत यूनियन के रूप में प्रतिष्ठा दिलाने में यूनियन के प्रत्येक सदस्यों की भूमिका काबिले तारीफ है और इसका श्रेय सभी सदस्यों को जाता है. उक्त बातें सोमवार को टाटा मोटर्स कंपनी परिसर स्थित यूनियन की वार्षिक आमसभा को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहीं. यूनियन की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि साल 2017 में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अस्तित्व में आने पर प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हुआ था.
समझौते के तहत अब तक 131 कर्मचारियों के बीच अबतक कुल 40 करोड़ 91 लाख 63 हजार 304 रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है. पिछले साल जनवरी से दिसंबर के बीच लगभग 9 करोड़ सेवा निधि के माध्यम से परिवारों के बीच बांटी गयी. कर्मचारी के परिवार को ग्रुप इंश्योरेंस, लाइफ कवर स्कीम, सेवा निधि समेत लगभग 82 लाख से अधिक की राशि अब मिलती है. कर्मचारी का सेटलमेंट (पीएफ, ग्रेच्यूटी आदि) को जोड़ देने से यह राशि एक करोड़ तक हो जाती है.
टाटा मोटर्स के तमाम मजदूर 50 लाख रुपये के बीमा से आच्छादित है. वहीं, साधारण मौत पर टाटा मोटर्स के किसी कर्मचारी को 43 लाख रुपये मिलते है. इसके अलावा प्रबंधन और यूनियन के बीच ग्रेड रिवीजन समझौते के तहत मृतक की नौकरी की तिथि तक पत्नी को बेसिक, डीए का 50 प्रतिशत, पेंशन में 3500 रुपये, दो बच्चियों की पढ़ाई का खर्च अलग मिलता है. महामंत्री आरके सिंह ने एजेंडे के हिसाब से आमसभा के दौरान सदन के समक्ष यूनियन का लेखा – जोखा प्रस्तुत किया. तत्पश्चात सभा से उपरोक्त एजेंडों को पारित कराया गया. मंच पर यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह , महामंत्री आरके सिंह, सलाहकार प्रवीण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, संयुक्त महामंत्री हरदीप सिंह सैनी, अजय भगत, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह उपस्थित थे. मंच का संचालन उपाध्यक्ष प्रकाश विश्वकर्मा ने किया.
टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन पद्मविभूषण रतन टाटा के निधन और कंपनी के दिवंगत कर्मचारियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. इसके उपरांत मंचासीनअतिथियों को बैच लगाकर स्वागत किया गया. वीडियो रिकॉर्डिग व सीसीटीवी कैमरे की देखरेख में आमसभा हुई. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की आम सभा में उपस्थिति पंजी में कुल 4658 मजदूरों ने हस्ताक्षर किया.
आमसभा में एक-एक कर सभी एजेंडों को आमसभा में रखते हुए सदस्यों ने मंजूरी ली. जिसमें 26 नवंबर 2024 से 25 नवंबर 27 कुल 3 वर्षों की अवधि के लिए संपन्न यूनियन की आम चुनाव परिचर्चा, नवनिर्वाचित पद धारक, कार्यकारी सदस्यों का आम सभा में चर्चा एवं आम सभा के पटल से पारित, नये यूनियन सदस्य बनने के लिए आवेदन को कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित किया गया व आम सभा के पटल पर चर्चा, सोशल सिक्योरिटी स्कीम के तहत लाभान्वित कर्मचारियों के नाम की जानकारी आम सभा के पटल पर रखा गया. जिसका सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन किया.



