
New Delhi. निजी क्षेत्र की प्रमुख एकीकृत बिजली कंपनी टाटा पावर का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 11 प्रतिशत बढ़कर 1,401 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से विभिन्न खंडों में राजस्व बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है। टाटा पावर के सोमवार को जारी बयान के अनुसार कंपनी का राजस्व जून तिमाही में आठ प्रतिशत बढ़कर 18,898 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल 2025-26 की समान तिमाही में यह 17,464 करोड़ रुपये था।
कंपनी का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 1,401 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 1,262 करोड़ रुपये था। टाटा पावर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने कहा कि भारत का ऊर्जा क्षेत्र बदलाव के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां भरोसेमंद और चौबीस घंटे स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने पर जोर है।
उन्होंने कहा, ‘‘टाटा पावर में हमने सौर, पवन, बैटरी भंडार और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं के माध्यम से चौबीसों घंटे उपलब्ध नवीकरणीय ऊर्जा की एकीकृत और संयोजित आपूर्ति व्यवस्था तैयार करके खुद को इस बदलाव के लिए तैयार किया है।’’सिन्हा ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी ने कई रणनीतिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जो भविष्य की वृद्धि को दिशा देंगी।
