Site icon Lahar Chakra

Tata Sons Meeting: टाटा ग्रुप की कंपनियों का संचालन करनेवाली टाटा संस के निदेशक मंडल की हुई मीटिंग, जानेंं चंद्रशेखरन ने क्या कहा?

Mumbai. एयर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद टाटा संस के निदेशक मंडल की पहली बैठक गुरुवार को हुई, जिसमें चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने भीषण त्रासदी के बारे में जानकारी दी. घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, चंद्रशेखरन ने विमान दुर्घटना के बाद टाटा समूह द्वारा चलाए गए राहत प्रयासों और अन्य पहलुओं के बारे में निदेशक मंडल को जानकारी दी.

चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा संस अपने बहुलांश शेयरधारक टाटा ट्रस्ट्स के साथ मिलकर त्रासदी में प्रभावित हुए लोगों के लिए राहत प्रयासों को आगे बढ़ाएगा. समूह की 100 से अधिक कंपनियों के संचालन की देखरेख करने वाले टाटा संस के नौ-सदस्यीय निदेशक मंडल ने बैठक में मृतकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की.

समूह की एयरलाइन एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन गैटविक उड़ान पर रवाना हुआ विमान 12 जून को उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस विमान में सवार 242 यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों में से एक को छोड़कर सभी लोग मारे गए थे. हादसा स्थल पर भी कुछ लोग चपेट में आ गए थे, जिससे कुल मृतकों की संख्या 270 हो गई. एयर इंडिया के मालिकाना हक वाले टाटा समूह ने सभी मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है.

यह भी चल रही चर्चा

ऐसी रिपोर्ट हैं कि चंद्रशेखरन ने हादसे के बाद एयर इंडिया के दैनिक परिचालन का सीधा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है.

Exit mobile version