
Jamahedpur. टाटा स्टील कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन समझौता 49 वें मीटिंग के बाद बुधवार को पूरा हो गया। समझौते के तहत ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों के मासिक वेतन में न्यूनतम 18,116 रुपए और अधिकतम 30,793 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में न्यूनतम 16,111 रुपए और अधिकतम 18,747 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। कर्मचारियों को एक सितंबर से नए वेज समझौता के अनुसार वेतन मिलेगा। वहीं 1 जनवरी 2025 से लंबित इस समझौते का एक मुश्त एरियर का भुगतान भी नवंबर में किया जाएगा। समझौते के अनुसार ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को 10 प्रतिशत एमजीबी का लाभ दिया गया है।
हालांकि बढ़ा हुआ एमजीबी 1 जनवरी 2025 से लागू माना जाएगा, लेकिन एरियर की गणना में 1 अप्रैल 2026 से एक वर्ष की अवधि के लिए केवल 5 प्रतिशत एमजीबी का लाभ मिलेगा। यह समझौता 31 दिसंबर 2031 तक प्रभावी रहेगा। समझौते पर कंपनी प्रबंधन की ओर से एमडी टीवी नरेंद्रन, चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल समेत अन्य अधिकारियों तथा टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महामंत्री सतीश कुमार सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, डीएलसी अरविंद कुमार समेत यूनियन के सभी 11 पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। समझौते में ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों को 10 प्रतिशत एमजीबी मिला है। जबकि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में एमजीबी और फिटमेंट की वजह से न्यूनतम 16,111 रुपए और अधिकतम 17,944 रुपए की वृद्धि हुई है।
जनवरी 2025 से लंबित था समझौता
यह समझौता एक जनवरी 2025 से लंबित था। बुधवार शाम उप श्रमायुक्त अरविंद कुमार की मौजूदगी में हुए इस समझौते पर कंपनी की ओर से सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन, चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल व सीएचआरओ जुबिन पालिया और यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह व महामंत्री सतीश सिंह ने हस्ताक्षर किए।
दो चरणों में मिलेगा एमजीबी, नया NPS लागू
समझौते के अनुसार, नए और पुराने कर्मचारियों को दो भागों में एमजीबी का लाभ मिलेगा। इसके तहत 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक औसतन 7,200 रुपये मिलेंगे, जबकि 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक यह 2,100 रुपये बढ़कर कुल 9,300 रुपये हो जाएगी।
वहीं, ओल्ड सीरीज को 5% की बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से 31 मार्च 2026 तक और शेष 5% की बढ़ोतरी 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बेसिक व डीए में जोड़कर दी जाएगी। नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS): इस समझौते की खास बात यह है कि सभी कर्मचारियों के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) लॉन्च किया गया है।
नए कर्मचारियों की नाराजगी, नहीं बन पाई सहमति
टाटा स्टील प्रबंधन के साथ यूनियन नेताओं ने लगभग 50 दौर से अधिक की वार्ता की। नए कर्मचारियों का आरोप है कि यूनियन नेतृत्व का पूरा फोकस केवल पुराने कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी पर ही केंद्रित था जबकि उनके डीए परप्वाइंट, फिक्सड डीए व एमजीबी को लेकर अंतिम समय तक जिच कायम थी।
