
Jamshedpur. जमशेदपुर में टाटा स्टील और यूनियन के बीच वेज रिवीजन को लेकर हुई मैराथन बैठक में बड़ा संकेत सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी प्रबंधन अब प्रतिशत आधारित एमजीबी बढ़ोतरी के बजाय एकमुश्त राशि के आधार पर वेतन बढ़ोतरी का प्रस्ताव आगे बढ़ा रहा है। यूनियन की ओर से कर्मचारियों के हित में 13 प्रतिशत एमजीबी बढ़ोतरी की मांग रखी गई है। वहीं प्रबंधन का कहना है कि पुराने फार्मूले के तहत एमजीबी बढ़ाना अब व्यावहारिक नहीं है। 10,800 कर्मचारियों की निगाहें
करीब 10,800 कर्मचारियों और उनके परिवारों की नजर इस वेतन समझौते पर टिकी हुई है। पिछले 17 महीनों से वेज रिवीजन लंबित रहने के कारण कर्मचारियों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि समझौते की अवधि और अन्य भत्तों पर सहमति बन चुकी है। अब सबसे बड़ा मुद्दा वेतन बढ़ोतरी के स्वरूप को लेकर है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों पक्ष किसी साझा फॉर्मूले पर पहुंच सकते हैं।
यदि एकमुश्त राशि वाला प्रस्ताव लागू होता है, तो सभी कर्मचारियों को समान लाभ मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। वहीं प्रतिशत आधारित बढ़ोतरी में वेतन श्रेणी के अनुसार अंतर रहता है।
