जामाडोबा: टाटा स्टील के झरिया डिवीजन को 2 नवंबर 2026 को रायपुर में कोयला मंत्रालय द्वारा आयोजित “स्टार रेटिंग अवॉर्ड्स फॉर कोल एंड लिग्नाइट माइंस” समारोह में प्रतिष्ठित “फाइव स्टार रेटिंग” से सम्मानित किया गया। आकलन वर्ष 2024-25 के लिए झरिया डिवीजन की भेलाटांड़ अमलगैमेटेड कोलियरी और सिजुआ कोलियरीज़ को भूमिगत खदान श्रेणी में प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई। यह सम्मान नरेंद्र कुमार गुप्ता, जेनरल मैनेजर (झरिया डिवीजन); संजीव कुमार ठाकुर, हेड (सिजुआ कोलियरी) तथा झरिया डिवीजन के अधिकारियों की एक टीम कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे से प्राप्त किया। इस अवसर पर कोयला मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि सिजुआ कोलियरी को इस वर्ष 4-स्टार रेटिंग भी प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि सिजुआ कोलियरी को वर्ष 2023-24 के लिए 4-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई थी, जबकि भेलाटांड़ कोलियरी को उसी वर्ष 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त, झरिया डिवीजन की चार भूमिगत कोलियरियों ने आधार वर्ष 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के स्टार रेटिंग आकलनों में भी विभिन्न सम्मान अर्जित किए थे।
इस वर्ष ओपनकास्ट, भूमिगत और मिश्रित खदान श्रेणियों में कुल 382 माइंस ने भाग लिया, जिनमें से केवल 50 माइंस ही प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने में सफल रहीं। वहीं, भाग लेने वाली 140 भूमिगत माइंस में से केवल 15 माइंस को कोयला मंत्रालय द्वारा 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई।
इस अवसर पर नरेंद्र कुमार गुप्ता, जेनरल मैनेजर, झरिया डिवीजन ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील झरिया डिवीजन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस उपलब्धि का श्रेय सभी कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं टीमवर्क को जाता है, जिन्होंने पूरे डिवीजन में एक सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति को विकसित और सशक्त बनाया है।
उन्होंने आगे कहा कि ये सम्मान झरिया डिवीजन की माइनिंग ऑपरेशन में उत्कृष्टता तथा सुरक्षित एवं सस्टेनेबल माइनिंग प्रैक्टिसेज के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली उन माइंस को मान्यता प्रदान करती है जो सुरक्षा, वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग, सतत विकास तथा समग्र परिचालन प्रदर्शन के क्षेत्रों में उत्कृष्टता का प्रदर्शन करती हैं।
इन पुरस्कारों का उद्देश्य भारतीय खनन क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना, नवाचार एवं उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना तथा माइंस के बीच निरंतर सुधार की संस्कृति को मज़बूत बनाना है।
