Site icon Lahar Chakra

Tata Steel: टाटा स्टील प्लांट परिसर में चोरी की कोशिश नाकाम, तांबे के केबल को काटकर बाहर ले जाने की कोशिश में तीन लोग पकड़ाये

Jamshedpur. टाटा स्टील प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी एक बार फिर देखने को मिली, जब कंपनी की सुरक्षा टीम ने बड़ी चोरी की कोशिश को विफल करते हुए तीनआरोपितों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह घटना 24 अप्रैल 2026 की तड़के करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब संदिग्ध गतिविधि पर नजर पड़ते ही सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी सकची क्षेत्र स्थित केबल गैलरी के रास्ते प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर चुके थे और तांबे के केबल को काटकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रही सुरक्षा टीम की नजर उन पर पड़ गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके को घेर लिया और थोड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से लगभग 75 किलो तांबे का केबल बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत बताई जा रही है। अगर यह चोरी सफल हो जाती तो कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था। सुरक्षा टीम की सतर्कता के कारण इस नुकसान को समय रहते टाल दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकाश चिन्ना (ओल्ड सीतारामडेरा थाना क्षेत्र), दीपक लोहार (बिरसानगर रोड नंबर 7) और अविनाश मुखी (केबल टाउन बस्ती रोड नंबर 5) के रूप में हुई है। तीनों स्थानीय क्षेत्र के रहने वाले हैं और प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल हो सकते हैं। घटना के बाद टाटा स्टील के सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी आरोपियों को बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version