
Adityapur. आदित्यपुर समेत सरायकेला- खरसावां जिले में बिजली के नये टैरिफ को लागू करने को लेकर आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में मंगलवार को जनसुनवाई हुई. जनसुनवाई में कई लोगों ने नये बिजली दर का विरोध किया. इससे पहले आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में झारखंड राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने सरायकेला खरसावां के लाइसेंस प्राप्त क्षेत्र के लिए सुबह 11:30 बजे सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की गई. सार्वजनिक सुनवाई वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ट्रू-अप, वित्त वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक परफॉरमेंस रिव्यू और एआरआर और वित्त वर्ष 2025-26 के लिए टैरिफ निर्धारण की प्रक्रिया के रूप में आयोजित की गई थी. सार्वजनिक सुनवाई की अध्यक्षता झारखंड राज्य विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य विधि महेंद्र प्रसाद और सदस्य तकनीकी अतुल कुमार ने की. सार्वजनिक सुनवाई में कई घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं ने भाग लिया.
टाटा स्टील यूआइएसएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुनवाई में भाग लिया और सुनवाई के दौरान सुझावों व प्रश्नों का जवाब दिया. मंडल प्रबंधक संजय गौतम ने आयोग के समक्ष दायर याचिका का सार प्रस्तुत किया तथा टैरिफ स्थिरता और सतत संचालन सुनिश्चित करने के लिए उचित टैरिफ की आवश्यकताओं के बारे में बताया. सुनवाई के दौरान, क्षेत्र में भविष्य के साथ-साथ मौजूदा बिजली की मांग को पूरा करने के लिए नेटवर्क विस्तार योजनाओं पर भी प्रस्तुति दी गई. टाटा स्टील यूआइएसएल ने यह भी बताया कि वह लाइसेंस प्राप्त क्षेत्र में अधिक बिजली पहुंचाने के लिए सेंट्रल ट्रांसमिशन यूटिलिटी के साथ कनेक्टिविटी पर काम कर रही है.
टाटा स्टील यूआइएसएल ने प्रस्तुत किया कि मौजूदा टैरिफ वित्त वर्ष 2025-2026 की अपेक्षित लागत की वसूली के लिए उपयुक्त नहीं है, इसलिए लागत की समय पर वसूली और सतत संचालन के लिए कुछ टैरिफ समायोजन 3% की आवश्यकता है. प्रस्तुति के बाद सदस्यों ने दायर याचिका से संबंधित सुझाव, आपत्तियां और टिप्पणियां आमंत्रित कीं. इन सुझावों को टाटा स्टील यूआइएसएल ने उचित कार्रवाई के लिए नोट कर लिया.
