
Jamshedpur. टाटानगर स्टेशन में पार्किंग ठेकेदार की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है. यहां यात्रियों की परेशानियों की लंबी फेहरिस्त है. हर दिन यात्री पार्किंग ठेकेदार के मनमानी वसूली का शिकार हो रहे हैं. मंगलवार को एक यात्री के परिजन से लगभग 5 घंटे की पार्किंग के एवज में 5310 रुपए वसूले गये. टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग में रांची नंबर की गाड़ी सुबह 11:40 में पार्क किया गया था और शाम में 4:30 जब निकालने गए तो पार्किंग वालों ने 5310 रुपये का रसीद थमा दिया. इससे गुस्साए लोगों ने पार्किंग ठेकेदार पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए विरोध जताया. इसपर रेलवे ठेकेदार के कर्मचारियों ने बदतमिजी की. ज्यादा रकम पर टेंडर लेने का हवाला दिया. इसके बाद पीड़ित व्यक्ति ने आरपीएफ थाने में शिकायत दर्ज करायी. इधर, पूरे मामले पर रेल प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है.
रेलवे प्रबंधन और एरिया मैनेजर पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि रेल प्रशासन और आरपीएफ की शह पर यात्रियों से पार्किंग का मनमाना रेट वसूला जा रहा है. टाटानगर स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में मनमाना रेट को लेकर रोजाना हंगामा होता है. स्थिति यह है कि पार्किंग क्षेत्र में किसी भी दिन अप्रिय घटना घट सकती है.
स्टेशन पार्किंग से लेकर पोर्टिगो तक से आरपीएफ नदारत है. इन और आउट गेट पर ठेकेदार के कब्जे को लेकर रेल प्रशासन सवालों के घेरे में है. लोग रेलवे के अधिकारियों के अलावा आरपीएफ के मौन मौन का अलग-अलग निहितार्थ निकाल रहे हैं.
