
जमशेदपुर. टाटानगर रेलवे स्टेशन के बहुप्रतिक्षित रि-डेवेलपमेंट प्लान की आधारशिला शनिवार को रखी गयी. जमशेदपुर के सांसद विधुत वरण महतो ने जीएम अनिल कुमार मिश्रा की उपस्थिति में कार्य का भूमि-पूजन किया. इसके साथ ही स्टेशन रि-डेवलपमेंट का काम शुरू हो गया है. टाटानगर रेलवे स्टेशन के रि-डेवलपमेंट पर 284 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
शनिवार को एक सादे समारोह में स्टेशन रि-डेवलपमेंट कार्य का शुभारंभ किया गया. इस मौके पर जीएम अनिल कुमार मिश्रा, डीआरएम तरुण हुरिया अपनी टीम के साथ मौजूद रहे. यहां जीएम ने स्टेशन डेवलपमेंट प्लॉन की कार्ययोजना का खुलासा भी किया. उन्होंने बताया कि स्टेशन के विकास प्लान में काफी कुछ है. दोनों और बहुमंजिला भवन बनाया जायेगा और सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार होगा.
बर्मामाइंस के नार्थ साइड में जी प्लस थ्री का भवन बनेगा जो 94 गुणा 23 मीटर का होगा. दक्षिण की ओर मेल बिल्डिंग भी जी प्लास 6 की होगी. जो 94 गुणा 23 मीटर की होगी. दोनों ओर सर्कुलेटिंग एरिया का विकास होगा ताकि अधिक से अधिक वाहनों का आवागमन सुनिश्चित कराया जा सके. प्लेटफॉर्म की संख्या बढेगी और यहां कुल 16 लिफ्ट और 14 एक्सेलेटर लगाये जायेंगे.
जीएम ने बताया कि स्टेशन का पूरा बिल्डअप एरिया 8000 स्क्वायर मीटर से बढ़कर 35000 स्क्वायर मीटर किया जायेगा. यहां पार्किंग भी 8000 स्क्वायर मीटर से बढ़ाकर 41000 मीटर की होगी. इसके अलावा कॉमर्शियल एरिया के लिए लैंड मार्क किया गया है.
