
Jamshedpur. टाटानगर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर रहा है। इस ‘बुलडोजर अभियान’ के तहत बर्मामाइंस और गुदरी बाजार क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। चक्रधरपुर रेल मंडल के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं।
पुलिस बल: कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बागबेड़ा और बर्मामाइंस थाना पुलिस के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भारी टुकड़ियों को तैनात किया गया है। मंगलवार को रेलवे के ढांचे को तोड़कर पूरे क्षेत्र को खाली करा दिया गया।
जुगसलाई से लेकर गोलपहाड़ी तक जाने वाले प्रस्तावित नये रास्ते के लिए पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया। इस दौरान रेलवे के कई सारे पुराने क्वार्टर भी तोड़े गये. वहीं, रेलवे यूनियनों के कार्यालयों को भी तोड़ा गया। इंजीनियरिंग विभाग के नोटिस पर रेलवे ओबीसी कर्मचारी संघ ने कार्यालय खाली कर दिया। मेंस कांग्रेस कार्यालय जल्द खाली हो जाएगा। टीटीई रेस्ट रूम भी सड़क निर्माण की चपेट में आ गया है। वहीं, डेढ़-दो दर्जन रेलवे क्वार्टर को भी तोड़ने के लिए खाली कराया जा रहा है। बीएसएनएल भी दूसरी जगह कार्यालय की जगह खोजने लगा है। इधर, विकास योजना से रेलवे ने गोलपहाड़ी, खासमहल और कीताडीह की ओर रेलवे जमीन पर अवैध रूप निर्मित ढाई-तीन सौ कच्चे-पक्के घर को भी तोड़ने की नोटिस दिया है।
