Site icon Lahar Chakra

Tatanagar: बारिश से टाटानगर स्टेशन यार्ड में जलजमाव, जगह-जगह रेल पटरियों पर भरा पानी, 20 से अधिक मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द, कई का रुट डायवर्ट

Jamshedpur. दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन यार्ड में अत्यधिक जलजमाव के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन में दिक्कतें उत्पन्न हो गई हैं. इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है.

जलजमाव के कारण टाटानगर से खुलने और वहां पहुंचने वाली 20 से अधिक मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इनमें टाटानगर-निट्र एक्सप्रेस, टाटा-खड़गपुर मेमू, राउरकेला-टाटा मेमू, बरकाकाना-टाटा मेमू, बड़बिल-टाटा मेमू, टाटा-बड़बिल मेमू, टाटा-बरहमपुर मेमू सहित कई लोकल सेवाएं शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ दोहरी सेवा ट्रेनों जैसे खड़गपुर-टाटा-खड़गपुर और टाटा-खड़गपुर-टाटा मेमू को भी रद्द किया गया है. वहीं कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है.

मुंबई से हावड़ा आने वाली 12809 और 12261 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है. इसके अलावा जगदलपुर-हावड़ा, आरा-दुर्ग, भुज-शालिमार और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-शालिमार जैसी ट्रेनों को भी वैकल्पिक मार्गों से परिचालित किया जा रहा है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति रेलवे की वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या ऐप के माध्यम से अवश्य जान लें. जलजमाव के कारण पैदा हुई इस असुविधा के लिए रेलवे ने खेद जताया है. यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की भी स्थापित किये हैं.

Exit mobile version