Site icon Lahar Chakra

Team India England Tour: शुभमन गिल भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान बने, शमी इंग्लैंड दौरे से बाहर, जानें और किन्हें मिला मौका

New Delhi.  शुभमन गिल को शनिवार को बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया जबकि ऋषभ पंत को इंग्लैंड में पांच मैचों की श्रृंखला के लिए उप कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. रोहित शर्मा और विराट कोहली के इस महीने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद टीम के नेतृत्व पर चयनकर्ताओं का यह फैसला अपेक्षित था. इन दोनों दिग्गजों के संन्यास के बाद टीम बदलाव के दौर से गुजरेगी जिसमें इंग्लैंड में उसकी कड़ी परीक्षा होगी.
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला 20 जून से लीड्स में शुरू होगी। 25 साल के गिल भारत के चौथे सबसे युवा टेस्ट कप्तान होंगे। सचिन तेंदुलकर (23), कपिल देव (24) और रवि शास्त्री (25) ने उन से कम उम्र में देश की टेस्ट टीम का नेतृत्व किया है. चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के बाद कहा,  पिछले साल या उससे भी पहले हमने शुभमन (नेतृत्व के लिए) पर नजर रखना शुरू कर था. हम मानते है कि वह इस काम के लिए सबसे उपयुक्त है. यह काफी दबाव वाला काम है लेकिन वह एक शानदार खिलाड़ी है. हम उसे शुभकामनाएं देते हैं. अगरकर ने 27 साल के पंत की भूमिका के बारे में कहा,पंत पिछले चार-पांच वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में हमारे सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं. एक विकेटकीपर खेल को अच्छी तरह से परख सकता है और इसलिए वह शुभमन के सहायक होंगे. बायें हाथ के युवा बल्लेबाज बी साई सुदर्शन और बायें हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया. अगरकर ने कहा, साई को आईपीएल के प्रदर्शन आधार पर नहीं चुना गया है. उन्होंने सही जज्बा दिखाया है और शीर्ष स्तर पर सफल होने के लिए उनके पास मजबूत तकनीक है. हम कुछ समय से उन पर नजर रख रहे थे. करुण नायर आठ साल के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं. नायर ने भारत के लिए अपना पिछला टेस्ट मैच 2017 में खेला था। उन्हें भारत की ओर से दूसरा तिहरा शतक बनाने वाले खिलाड़ी बनने के तुरंत बाद टीम से बाहर कर दिया गया था.
  तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम से बाहर रखा गया है. उन्हें इस लंबी श्रृंखला के लिए पर्याप्त रूप से फिट नहीं माना गया. शमी के बारे में अगरकर ने कहा, उनका कार्यभार उतना नहीं है जितना होना चाहिए. हमें उम्मीद थी कि वह उपलब्ध होंगे, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है. फिलहाल वह पूरी तरह से फिट नहीं हैं.
ऑस्ट्रेलिया दौरे की टीम से हर्षित राणा और सरफराज खान को बाहर कर दिया गया है. गिल के अलावा बुमराह भी कप्तानी के लिए एक और मजबूत दावेदार थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने 25 वर्षीय बल्लेबाज को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया। गिल की प्रतिभा पर किसी को संदेह नहीं है लेकिन उन्हें टेस्ट में खुद को एसईएनए (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में खुद को साबित करना बाकी है.
इस मौके पर अगरकर के साथ मौजूद चयन समिति के सदस्य एस एस दास ने कहा, रोहित और कोहली लंबे समय से टीम के साथ थे. उनके संन्यास से टीम बड़े बदलाव से गुजर रही है.
ये है भारतीय टीम
शुभमन गिल, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शारदुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव.
Exit mobile version