New Delhi. चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में 25 साल से फरार आरोपी को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नेपाल से भारत तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद लखनऊ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई के एक बयान के अनुसार, मुकदमे की सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित किए गए सत्येंद्र कुमार को बृहस्पतिवार आधी रात के आसपास मध्यप्रदेश के गुना से लखनऊ जा रही ट्रेन में यात्रा करते समय गिरफ्तार कर लिया गया।

एजेंसी ने बताया कि चारा घोटाले के मामले में वर्ष 2001 में आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद सत्येंद्र भूमिगत हो गया था और 25 साल से अधिक समय से फरार था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी का स्थायी वारंट जारी किया गया था।

सीबीआई के जांचकर्ताओं ने भौतिक निगरानी, तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के जरिये सत्येंद्र का पता लगाने की कोशिश की और अंततः उसके नेपाल में होने की बात सामने आई। बाद में जांचकर्ताओं को जानकारी मिली कि उसने हाल ही में भारत में प्रवेश किया है।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा, “आरोपी ने हाल ही में भारत में प्रवेश किया था और वह 22 अक्टूबर 2026 को ट्रेन से गुना से लखनऊ जा रहा था। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी को गुना से लखनऊ के रास्ते में गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई की एक विशेष टीम गठित की गई।
प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन के पहुंचने से पहले ही सीबीआई के अधिकारियों को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 22 अक्टूबर की आधी रात के आसपास सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई के अनुसार, सत्येंद्र को सक्षम अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड के रांची लाया जा रहा है।

