Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News: उलीडीह में उपरी तल्ले में सोया था परिवार, दरवाजा बंद कर नीचे के कमरे से गहने व नगदी की कर ली चोरी

Jamshedpur.उलीडीह थाना अंतर्गत मानगो टैंक रोड में शनिवार की रात अभिषेक श्रीवास्तव के घर से 20 हजार रुपये नगद समेत गहनों की चोरी हो गयी. अभिषेक श्रीवास्तव परिवार के साथ छत पर बने कमरे में सोये हुए थे. कारण की नीचे के कमरे में पानी जमा था. देर रात अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी की नींद खुली तो कमरा का दरवाजा बाहर से बंद पाया. चोरों ने कमरा को बाहर से बंद कर दिया था. जिसके बाद अभिषेक श्रीवास्तव व परिवार के अन्य लोग दरवाजा तोड़ कर कमरे से बाहर निकले. जब नीचे के कमरे में गये तो सबके होश उड़ गये. कमरे में रखा आलमीरा खुला था. उसमें रखे गहने व रुपये गायब थे. पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था.

अभिषेक श्रीवास्तव ने उलीडीह पुलिस व भाजपा नेता विकास सिंह को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर रविवार की सुबह भाजपा नेता विकास सिंह पहुंचे. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी व अपराध बढ़ गयी है. पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करे. टैंक रोड में नाली का निर्माण गलत तरीके से किया गया है. जिसका नतीजा है कि हल्की बारिश में भी घरों में पानी घुस जाता है. इस संबंध में अभिषेक श्रीवास्तव ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत की. शिकायत मिलने पर उलीडीह थाना की पुलिस भी पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस चोरों का पता लगाने में जुट गयी है.

Exit mobile version