
Lahore. पाकिस्तान सरकार ने भारत के हमले में नष्ट हुई जेयूडी के मुख्यालय मुरीदके स्थित मस्जिद का पुनर्निर्माण कराने का आश्वासन दिया है. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने शनिवार को यह जानकारी दी. पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) प्रतिबंधित जमात-उद-दावा (जेयूडी) की एक राजनीतिक शाखा है और लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का मुखौटा संगठन है. एलईटी ने भारत के कई हिस्सों में आतंकवादी हमले किए हैं, जिनमें 2008 में हुआ भयावह 26/11 मुंबई हमला भी शामिल है. पहलगाम में आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने छह मई की देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) का गढ़ और मुरीदके में लश्कर का ठिकाना भी शामिल था.
पाकिस्तान का दावा है कि लाहौर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित मुरीदके में हुए हमलों में एक मस्जिद और एक शैक्षणिक परिसर को निशाना बनाया गया. हमलों में जेयूडी के तीन कार्यकर्ता मारे गए. जब पाकिस्तानी सेना, पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए तो विवाद खड़ा हो गया.
