Site icon Lahar Chakra

मौसम विभाग ने एक के बाद एक 4 येलो अलर्ट जारी किये, इन जिलों में वर्षा-वज्रपात की चेतावनी

रांची. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र रांची ने दोपहर बाद बाद से अब तक वर्षा-वज्रपात के 4 अलर्ट जारी किये हैं. सबसे ताजा अलर्ट में कहा गया है कि अगले एक से तीन घंटे में गुमला और रामगढ़ जिले में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना है.

मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान पदाधिकारी ने पहली तात्कालिक मौसम चेतावनी करीब 11:46 बजे जारी की. इसमें राजधानी रांची के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गयी. कहा गया है कि कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकतीं हैं.

इसके करीब एक घंटे बाद दूसरी चेतावनी 12:38 बजे जारी की गयी. इसमें बोकारो और धनबाद जिले में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया. 2:45 मिनट पर मौसम विभाग की तीसरी चेतावनी आयी, जिसमें लोहरदगा और रांची जिले में वर्षा-वज्रपात की चेतावनी दी गयी.

दोपहर 3:53 बजे एक और तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की गयी. येलो अलर्ट के साथ जारी इस चेताववी में कहा गया कि अगले एक से तीन घंटे में गुमला और रामगढ़ जिले में आंधी के साथ वर्षा-वज्रपात होने की प्रबल संभावना है. कुछ जगहों पर आंधी भी चल सकती है.

मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम को देखते हुए सावधान और सतर्क रहें. सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. किसी भी सूरत में पेड़ के नीचे न रहें. बारिश के दौरान बिजली के खंभों से भी दूर रहें. किसानों से कहा है कि वे खराब मौसम के दौरान खेतों में न जायें. मौसम के सामान्य होने की प्रतीक्षा करें.

Exit mobile version