Site icon Lahar Chakra

Tata Zoo की तीनों शावकों का हुआ नामकरण, नाम रखा गया अवनी, कैरा और शक्ति

Jamshedpur. टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में जन्मीं तीन नन्हीं बाघिनों को आखिरकार अपना नाम मिल गया है। अब ये तीनों अवनी, कैरा और शक्ति के नाम से पहचानी जाएंगी। खास बात यह है कि इन नामों के चयन में जमशेदपुर और आसपास के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चिड़ियाघर को 650 से अधिक लोगों ने व्हाट्सऐप और डायरेक्ट मैसेज के जरिए 1900 से ज्यादा नामों के सुझाव भेजे थे। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीनों बाघिनों का जन्म 23 सितंबर 2026 को हुआ था। शुरुआती दिनों में एक शावक को नर माना गया था।

इसलिए नामकरण के लिए नर और मादा दोनों तरह के नामों के सुझाव मांगे गए थे। हालांकि, नवजात बाघों के लिंग की पहचान शुरुआती अवस्था में करना मुश्किल होता है। बाद में जांच में पुष्टि हुई कि तीनों शावक मादा हैं। इसके बाद नामों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए तीनों के लिए मादा नामों पर विचार किया गया।

जानिए तीनों नामों का खास अर्थ
नामों के चयन में तीन नाम सबसे आगे रहे। इनमें अवनी का अर्थ धरती है। यह नाम तीन लोगों ने सुझाया था। वहीं कैरा का अर्थ उज्ज्वल या चमकदार है। इस नाम का सुझाव चार लोगों ने दिया था। तीसरा नाम शक्ति है, जो सर्वोच्च नारी शक्ति का प्रतीक है। इस नाम को सबसे ज्यादा 14 लोगों ने सुझाया। तीनों नामों में शक्ति को सबसे अधिक लोगों का समर्थन मिला। टाटा जू प्रबंधन के अनुसार, चयनित नामों का सुझाव देने वाले नागरिकों को जल्द ही इसकी सूचना दी जाएगी और उन्हें सम्मानित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Exit mobile version